आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कड़ा रुख अपनाते हुए खिलाड़ियों पर भारी जुर्माना लगाने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहने पर टीम के प्रत्येक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (PKR) यानी 16 लाख भारतीय रुपे का जुर्माना लगाया गया है।
यह फैसला मुख्य रूप से टीम की खराब परफॉर्मेंस और लगातार आईसीसी इवेंट्स के नॉकआउट स्टेज से बाहर होने की वजह से लिया गया है। पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है, क्योंकि खेल के इतिहास में खराब प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों पर इतना बड़ा वित्तीय जुर्माना लगाने का यह पहला मामला सामने आया है।
पाकिस्तान की इस वर्ल्ड कप यात्रा का अंत बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। सुपर 8 चरण के अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 5 रनों से जरूर हराया, लेकिन सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया। श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले में खेले गए इस मैच में साहिबजादा फरहान ने शानदार शतक (100 रन) और फखर जमान ने 84 रनों की तेज तर्रार पारी खेली थी, जिसकी मदद से पाकिस्तान ने 212 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
हालांकि, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को श्रीलंका को 147 रनों के भीतर रोकना था, जिसमें वे असफल रहे। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका की 76 रनों की पारी ने पाकिस्तान की रही-सही उम्मीदों पर पानी फेर दिया। न्यूजीलैंड की टीम बेहतर नेट रन रेट (NRR) के आधार पर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही।
खबरों के मुताबिक, खिलाड़ियों पर जुर्माने का विचार ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मिली 61 रनों की शर्मनाक हार के बाद ही बना लिया गया था। बोर्ड अधिकारियों ने टीम मैनेजमेंट को स्पष्ट कर दिया था कि अब खिलाड़ियों की 'Pampering' यानी लाड-प्यार का समय खत्म हो चुका है और भविष्य में मिलने वाले वित्तीय लाभ केवल मैदान पर उनके प्रदर्शन (Performance) पर निर्भर करेंगे। पीसीबी का मानना है कि खिलाड़ियों को भारी भरकम सैलरी और सुविधाएं दी जा रही हैं, लेकिन उसके बदले में नतीजे संतोषजनक नहीं मिल रहे हैं। यह लगातार चौथा मौका है जब पाकिस्तान किसी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने में नाकाम रहा है।
टीम की इस हार के बाद कप्तान सलमान अली आगा (Salman Ali Agha) के भविष्य पर भी सवालिया निशान लग गए हैं। मार्च 2025 में कप्तानी संभालने वाले आगा की अगुवाई में टीम आधुनिक टी20 क्रिकेट की चुनौतियों का सामना करने में विफल दिखी। हालांकि उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 31 मैचों में जीत दर्ज की है, लेकिन बड़े टूर्नामेंट्स में विफलता उनके खिलाफ जा रही है। मैच के बाद उन्होंने खुद स्वीकार किया कि पाकिस्तान का मिडिल ऑर्डर (Middle Order) पिछले कुछ सालों से एक बड़ी समस्या बना हुआ है। इसके साथ ही पूर्व कप्तान बाबर आजम और सीनियर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी जमकर आलोचना हो रही है।
All of Pakistan's squad members from the #T20WorldCup have been fined PKR 5 million (approx US$ 18,000) by the PCB following an underwhelming campaign in which they missed out on the semi-finals pic.twitter.com/e2gWVmhs8a
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) March 2, 2026
इस समय पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। बोर्ड न केवल आर्थिक दंड के जरिए खिलाड़ियों को कड़ा संदेश दे रहा है, बल्कि टीम के स्ट्रक्चर (Structure) में भी 'सर्जरी' करने की तैयारी में है। साहिबजादा फरहान जैसे खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत रूप से बेहतरीन रिकॉर्ड बनाए, लेकिन एक टीम के रूप में पाकिस्तान की एकता और योजनाएं पूरी तरह विफल रहीं। आने वाले दिनों में कोच और सपोर्ट स्टाफ पर भी गाज गिर सकती है। क्रिकेट फैंस और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी भी बोर्ड के इस सख्त रवैये पर बंटे हुए हैं, जहां कुछ इसे अनुशासन के लिए जरूरी मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे खिलाड़ियों के मनोबल को तोड़ने वाला कदम बता रहे हैं।
